JPSC-JSSC आंदोलन पर बोले राज्यपाल, कहा- मुख्यमंत्री जानते हैं विषय, युवा नशामुक्ति अभियान से जुड़ें

Spread the love

जमशेदपुर: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को जमशेदपुर दौरे के दौरान रांची में चल रहे JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन पर राजनीतिक टिप्पणी करने से परहेज किया। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के नारको मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित ‘10 करोड़ नशामुक्ति शपथ महाअभियान’ के शुभारंभ समारोह में जब उनसे आंदोलन को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता युवाओं को नशामुक्ति अभियान से जोड़ना है।

राज्यपाल ने कहा, “हम युवाओं से आग्रह करते हैं कि वे नशामुक्ति के इस अभियान में सहयोग करें। बाकी जिन विषयों की आप बात कर रहे हैं, उन्हें मुख्यमंत्री जानते हैं।” उन्होंने आंदोलन से जुड़े सवालों पर कोई राजनीतिक टिप्पणी नहीं की।

इसके बाद राज्यपाल ने जमशेदपुर में ‘10 करोड़ नशामुक्ति शपथ महाअभियान’ का औपचारिक शुभारंभ किया। यह अभियान भारत सरकार के नारको मुक्त भारत अभियान के तहत ब्रह्माकुमारीज़ के मिशन स्पंदन और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और समाज के हर वर्ग से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।