हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग में कोयला चोरी रोकने पर कर्मचारी पर पथराव, गंभीर घायल

Spread the love

जमशेदपुर (ग्रामीण): पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग में कोयला चोरी का विरोध करना ड्यूटी पर तैनात एक कर्मचारी को भारी पड़ गया। गुरुवार रात कोयला लदी मालगाड़ी (रैक) पहुंचते ही सक्रिय कोयला चोरों ने चोरी शुरू कर दी। ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी शैलेन्द्र दुबे ने जब इसका विरोध किया और चोरी रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, विरोध करने पर चोरों ने शैलेन्द्र दुबे पर जमकर पथराव किया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर कोयला लेकर फरार हो गए। घायल कर्मचारी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और कोयला डंपिंग कंपनियों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि रेलवे साइडिंग पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण कोयला चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कंपनियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है और रात में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा भी खतरे में है।

ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन तथा पोटका पुलिस से साइडिंग पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती, आरोपियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी तथा कोयला चोरी पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।