जमशेदपुर: सिंहभूम डाक मंडल की ओर से शुक्रवार को टीआरएफ कंपनी लिमिटेड परिसर में डाक विभाग की जनोपयोगी योजनाओं एवं सेवाओं पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कंपनी के लगभग 200 अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया और डाक विभाग की बचत योजनाओं, बीमा सेवाओं तथा अन्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।


कार्यक्रम की शुरुआत “नमस्कार, गुड मॉर्निंग, जोहार” के स्वागत संदेश के साथ हुई। डाक विभाग के अधिकारियों ने केंद्र सरकार की सुरक्षित बचत योजनाओं, पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (PLI) और ग्रामीण पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (RPLI) की विशेषताओं एवं लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये योजनाएं सुरक्षित निवेश के साथ-साथ परिवार के आर्थिक भविष्य को मजबूत बनाने का भरोसेमंद माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों की सुविधा के लिए विशेष सेवा काउंटर भी लगाए गए, जहां कई लोगों ने अपने पहचान दस्तावेजों में आवश्यक सुधार कराए। परिसर में गंगाजल और डाक टिकट संग्रह (फिलाटेली) की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने कर्मचारियों का ध्यान आकर्षित किया। कई लोगों ने पारंपरिक पत्राचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पोस्टकार्ड और इनलैंड लेटर भी खरीदे।
सिंहभूम डाक मंडल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए टीआरएफ लिमिटेड प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में इंस्पेक्टर (कस्टमर सैटिस्फैक्शन) सुचित रंजन, रिलेशनशिप मैनेजर निशांत कुमार सहित कई अधिकारियों ने कर्मचारियों को विभिन्न डाक सेवाओं की जानकारी दी और उन्हें लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

