जमशेदपुर: रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन पैसेंजर सेफ्टी” के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने साउथ बिहार एक्सप्रेस के एसी कोच से चोरी हुए करीब 70 हजार रुपये मूल्य के सैमसंग मोबाइल फोन को बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।


जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष जांच और गश्ती अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि साउथ बिहार एक्सप्रेस के सेकेंड एसी कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री का महंगा मोबाइल चोरी हो गया है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां सामने आने पर प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी हुआ सैमसंग मोबाइल बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खैरुल शेख (27), निवासी मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। बरामद मोबाइल जब्त कर आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी टाटानगर को सौंप दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सफर के दौरान अपने सामान और कीमती वस्तुओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

