जमशेदपुर: सिदगोड़ा टाउन हॉल में आयोजित युवा आजसू के दो दिवसीय राज्य स्तरीय अधिवेशन का पहला दिन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे युवा प्रतिनिधियों ने संगठन को मजबूत करने और झारखंड के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।


अधिवेशन के मुख्य अतिथि आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड के भविष्य की दिशा तय करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी अब युवा पीढ़ी के कंधों पर है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व विरासत से नहीं, बल्कि संघर्ष, समर्पण और समाज के बीच निरंतर कार्य करने से बनता है।
उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के भविष्य की दिशा तय करने का वैचारिक मंच है। आजसू पार्टी युवाओं को केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि नीति निर्माण, सामाजिक परिवर्तन और राजनीतिक नेतृत्व की मुख्यधारा में देखना चाहती है।
अधिवेशन में युवा सशक्तिकरण, आर्थिक स्वावलंबन, स्वरोजगार, राजनीतिक भागीदारी, संगठन विस्तार और सामाजिक नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं एवं बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

