JPSC-JSSC Protest: छात्र आंदोलन के बीच धरनास्थल पहुंचे पीयूष मिश्रा, युवाओं का बढ़ाया हौसला

Spread the love

रांची: JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ रांची में चल रहे छात्र आंदोलन को शनिवार को अभिनेता और रंगकर्मी पीयूष मिश्रा के पहुंचने से नया उत्साह मिला। पीयूष मिश्रा सीधे धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनरत अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनकी मांगों के प्रति अपना समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि वे किसी संगठन या व्यक्ति के बुलावे पर नहीं, बल्कि छात्रों की स्थिति और उनकी आंखों में दिख रहे दर्द को देखकर स्वयं यहां पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने गीतों और अभिनय के माध्यम से लंबे समय से युवाओं से जुड़े रहे हैं और ऐसे समय में उनके संघर्ष से खुद को अलग रखना उचित नहीं समझते। बारिश के बावजूद छात्रों के लगातार धरने पर बैठे रहने की सराहना करते हुए उन्होंने उनका हौसला बढ़ाया। पीयूष मिश्रा ने बताया कि वे अपनी क्षमता के अनुसार पिछले कुछ दिनों से आंदोलनरत छात्रों के लिए भोजन, पानी और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहे हैं। धरनास्थल पर उन्होंने छात्रों के साथ गीत प्रस्तुत किया, जिससे माहौल जोश और उत्साह से भर गया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि किसी आंदोलन के समर्थन में खड़ा होना केवल बयान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अंतरात्मा की आवाज और युवाओं के अधिकारों के साथ खड़े होने का विषय है।