सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत कपाली ओपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 58 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार, कपाली क्षेत्र में कुछ युवकों के ब्राउन शुगर की खेप के साथ पहुंचने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की गई और चारों युवकों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश महतो, शिबू गोड़ाई, सुमित कुमार यादव और राहुल यादव के रूप में हुई है। सभी की उम्र करीब 19 से 20 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस ने चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को कथित तौर पर एक बड़े सरगना और नशीले पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस अब सरगना तक पहुंचने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। ओपी प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



