गोड्डा: जिले के बालबड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत परमहचक के पास NH-133 पर मंगलवार को सीमेंट लदा एक कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। हालांकि दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।


जानकारी के अनुसार कंटेनर ललमटिया की ओर से तेज गति से आ रहा था। इसी दौरान पीरपैंती की तरफ से एक स्कॉर्पियो और बाइक सड़क पर आ गई। बाइक को बचाने के प्रयास में कंटेनर चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क के बीच पलट गया। बताया गया कि कंटेनर एक पेड़ से टकराने के बाद पलटा।
कंटेनर चालक अभय पटेल के अनुसार वह बक्सर से सीमेंट लोड कर साहिबगंज जा रहा था। स्टॉपर के पास अचानक बाइक सामने आ गई, जिसे बचाने के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया। हादसे में खलासी को मामूली चोट आई है। कंटेनर का नंबर MP-19-ZU-9401 बताया गया है।
बालबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बाइक को बचाने के दौरान कंटेनर पलट गया। चालक और खलासी को मामूली चोटें आई हैं। किसी गंभीर चोट की सूचना नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

