जमशेदपुर: कमलपुर थाना क्षेत्र के बांगुड़दा पुलिया के पास मंगलवार देर रात एक खाली ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रक पुलिया की रेलिंग से टकराने के बाद सड़क पर ही फंस गया, जिसके कारण बाराभूम-बांदोवान मुख्य मार्ग पर करीब पांच घंटे तक वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।


स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक पुरुलिया की ओर से जमशेदपुर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान चालक को कथित तौर पर नींद आ गई, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक पुलिया की रेलिंग से जा टकराया। हादसे में ट्रक चालक को चोट नहीं आई, जबकि पुलिया की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार और अवर निरीक्षक पुरुषोत्तम कुमार राय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ चालक से भी जानकारी ली। चालक ने पुलिस को बताया कि नींद आने के कारण वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं रहा।
बुधवार सुबह जमशेदपुर से क्रेन मंगाई गई। करीब सात बजे ट्रक को हटाने का काम शुरू हुआ और लगभग 7:30 बजे सड़क को यातायात के लिए पूरी तरह खोल दिया गया। इसके बाद करीब पांच घंटे से प्रभावित वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका।

