गढ़वा: सोन नदी में डूबीं तीन लड़कियां, एक को सुरक्षित निकाला गया, एक का शव बरामद; दूसरी की तलाश जारी

Spread the love

गढ़वा: जिले के केतार थाना क्षेत्र के पचाडूमर गांव के पास सावन के दूसरे सोमवार को सोन नदी में बड़ा हादसा हो गया। नदी में पानी भरने गईं तीन लड़कियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक लड़की को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि तेज बहाव में जूली कुमारी और खुशबू कुमारी बह गईं।

घटना की सूचना मिलते ही केतार थाना पुलिस और ग्रामीणों ने नदी में तलाश अभियान शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद जूली कुमारी का शव घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर कांडी थाना क्षेत्र के श्रीनगर के पास नदी किनारे से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं, दूसरी लापता लड़की खुशबू कुमारी की तलाश अब भी जारी है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी के अलग-अलग घाटों और संभावित स्थानों पर खोज अभियान चलाया जा रहा है। परिजनों ने प्रशासन से विशेषज्ञ गोताखोरों और पर्याप्त संसाधनों के साथ अभियान तेज करने की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलने पर जेएमएम नेता दीपक प्रताप देव भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन से लापता लड़की की तलाश के लिए विशेष टीम लगाने की मांग की।