सरायकेला: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर बिरसा मुंडा स्टेडियम में अंतिम रिहर्सल, डीसी-एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा

Spread the love

सरायकेला: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सरायकेला-खरसावां जिले में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुरुवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। इस दौरान उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज परवड़ियारी ने स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

अंतिम रिहर्सल के दौरान पुलिस बल के विभिन्न दलों ने परेड और मार्चपास्ट का अभ्यास किया। वहीं, स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी पूर्वाभ्यास किया गया। उपायुक्त और एसपी ने परेड का निरीक्षण करने के साथ सलामी ली और कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न इंतजामों की जानकारी ली।

अधिकारियों ने समारोह के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के साथ यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की। आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।

स्टेडियम में साफ-सफाई, पेयजल, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, मंच और साउंड सिस्टम का भी निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ने सभी तैयारियां समारोह से पहले पूरी करने और किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होने देने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जिले के लिए गौरव का अवसर है और समारोह को शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा।