जमशेदपुर: टेल्को में गश्त के दौरान टाइगर मोबाइल जवान पर हमला, पत्थर से सिर पर किया वार; युवक हिरासत में

Spread the love

जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के हुडको में गश्त के दौरान टाइगर मोबाइल के जवान पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना खाली पड़े क्वार्टर संख्या 152 के पास की बताई जा रही है। हमले में जवान सुजीत कुमार के सिर में चोट लगी है। वहीं, हमलावर युवक की पहचान टेल्को ट्रक पार्क निवासी आदित्य करवा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार टाइगर मोबाइल जवान सुजीत कुमार और चुन्नू राम सोरेन गश्त के दौरान खाली क्वार्टर के पास पहुंचे थे। वहां एक युवक बैठा हुआ था। जवानों ने उससे पूछताछ की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने जवानों के साथ मारपीट की और बाद में पत्थर से सुजीत कुमार के सिर पर हमला कर दिया। इस घटना में सुजीत के सिर में चोट लगी, जबकि चुन्नू राम सोरेन को युवक द्वारा दांत से काटने की बात भी सामने आई है।

घटना के बाद पुलिस ने आदित्य करवा को हिरासत में लेकर टेल्को थाना पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय मौके पर एक अन्य युवक और एक युवती भी मौजूद थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों एवं अन्य लोगों की भूमिका के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।