26 दिन बाद JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच ने आंदोलन किया समाप्त, सरकार ने प्रमुख मांगें मानने का किया दावा

Spread the love

रांची: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन के 26वें दिन बड़ा बदलाव सामने आया। JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच ने अपने आंदोलन को समाप्त करने की घोषणा की है।

मंच के रामअवतार महतो ने कहा कि 25 जुलाई से जारी अनिश्चितकालीन सत्याग्रह की प्रमुख मांगों को सरकार ने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने सरकार के फैसले को छात्रों के हित में ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

दूसरे मंच की बैठक जारी

वहीं, आंदोलन से जुड़े दूसरे मंच के छात्र स्टेडियम में दोपहर करीब 12:30 बजे तक बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा करते रहे। एक गुट द्वारा आंदोलन समाप्त करने की घोषणा के बाद छात्र आंदोलन के भीतर मतभेद भी सामने आए हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दूसरा मंच अपना आंदोलन जारी रखेगा या नहीं। इस बीच आंदोलन समाप्त करने की घोषणा के बावजूद जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रशासन की सतर्कता बनी हुई है।

दूसरे मंच की बैठक जारी रहने के कारण प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि छात्र आंदोलन का अगला रुख क्या होगा।