जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ऑपरेशन पैसेंजर सेफ्टी के तहत RPF और GRP की संयुक्त टीम ने मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चार चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।


जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त की सुबह स्टेशन परिसर में गश्त और जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के बाद उनकी पहचान प्रकाश दास उर्फ टिग्गी (38), रोहित लोहार उर्फ छोटू (26), शेख रमजान (19) और शेख मुबारक (26) के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, प्रकाश दास और रोहित लोहार टाटानगर स्टेशन के आसपास के रहने वाले हैं, जबकि शेख रमजान और शेख मुबारक पश्चिम बंगाल के पुरुलिया के निवासी बताए गए हैं।
प्रकाश दास को बताया गया गिरोह का सरगना
पुलिस के अनुसार, प्रकाश दास उर्फ टिग्गी गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने की योजना बनाकर वारदात को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार चारों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेलवे थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है।
पूरी कार्रवाई RPF के ASI बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

