लोहरदगा: मतदाता सूची के Special In-Depth Review (SIR) को लेकर संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त के निर्देश पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर नई तिथियों की जानकारी दी गई।


उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची पर दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 सितंबर 2026 कर दी गई है। ऐसे पात्र नागरिक जिनका नाम मतदाता सूची में छूट गया है, वे निर्धारित अवधि तक दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी कर सकेंगे आवेदन
1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, दावा-आपत्तियों पर सुनवाई की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 19 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
बैठक के दौरान अब तक चलाए गए SIR अभियान को लेकर राजनीतिक दलों से सुझाव और फीडबैक भी लिया गया।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे प्रारूप मतदाता सूची, ASDD सूची, दावा-आपत्ति प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करें।
बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

