14 परीक्षाएं रद्द होने के बाद देवेंद्र नाथ महतो का नया ब्लूप्रिंट, भर्ती परीक्षा को पारदर्शी और पेपर लीक मुक्त बनाने की तैयारी

Spread the love

रांची: JSSC-CGL समेत 14 भर्ती परीक्षाओं के रद्द होने के बाद छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए नया ‘ब्लूप्रिंट’ तैयार करने की बात कही है। मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि 16 दिनों का अनशन समाप्त हुआ है, लेकिन आंदोलन खत्म नहीं हुआ है।

देवेंद्र महतो के अनुसार, अब आंदोलन का अगला चरण JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं को भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और पेपर लीक से सुरक्षित बनाने की मांग पर केंद्रित रहेगा।

जांच के साथ मजबूत व्यवस्था जरूरी

देवेंद्र महतो ने कहा कि केवल CBI या CID जांच से स्थायी समाधान नहीं निकलेगा। भविष्य में पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियों को रोकने के लिए मजबूत और प्रभावी परीक्षा प्रणाली तैयार करनी होगी।

हालांकि, उन्होंने अपने ब्लूप्रिंट के सभी बिंदुओं को अभी सार्वजनिक नहीं किया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इसमें परीक्षा में पारदर्शिता, निगरानी व्यवस्था, प्रश्नपत्र की सुरक्षा और परीक्षा प्रक्रिया में जवाबदेही जैसे मुद्दों को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। ब्लूप्रिंट को राज्य सरकार के सामने रखा जाएगा।

सरकार भी परीक्षा सुधार की तैयारी में

वहीं, राज्य सरकार भी भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था में बदलाव की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परीक्षा सुधार के लिए वरिष्ठ IAS अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में समिति गठित करने की बात कही है।

इसके अलावा वर्ष 2014 से अब तक हुई भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की व्यापक जांच और JPSC से जुड़े मामलों की जांच सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में कराने की बात भी सामने आई है।

अब निगाह इस बात पर है कि सरकार और छात्रों के प्रस्तावित सुधारों के बाद झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को कितना पारदर्शी और भरोसेमंद बनाया जा सकेगा।