गोलमुरी की बदहाल पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था पर AJSU ने उठाई आवाज, तत्काल कार्रवाई की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: गोलमुरी क्षेत्र में बिगड़ती पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर AJSU पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने नगर प्रशासन से तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग सड़क किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर हैं, जिससे जाम के साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ रहा है।

अप्पू तिवारी ने कहा कि गोलमुरी की प्रमुख सड़कों, बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में दोपहिया और चारपहिया वाहन बेतरतीब तरीके से सड़क के दोनों किनारों पर खड़े किए जाते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और पैदल चलने वालों को भी परेशानी होती है। कई स्थानों पर फुटपाथ नहीं होने के कारण लोगों को सड़क पर ही चलना पड़ता है।

केवल चालान से नहीं होगा स्थायी समाधान

उन्होंने कहा कि सिर्फ ट्रैफिक जांच और चालान की कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। नगर निकाय और ट्रैफिक विभाग को संयुक्त रूप से क्षेत्र का सर्वे कर वैज्ञानिक और व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करनी चाहिए।

उन्होंने लिट्टी चौक से टिनप्लेट चौक तक सड़क किनारे लगने वाले ठेले और अतिक्रमण की जांच करने की मांग की। साथ ही गरीब और छोटे दुकानदारों के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की बात कही। सड़क किनारे अवैध वसूली या दबंगई करने वालों पर भी कार्रवाई की मांग की।

आकाशदीप प्लाजा के आसपास नो-पार्किंग व्यवस्था की मांग

अप्पू तिवारी ने आकाशदीप प्लाजा और आसपास की सड़कों पर स्पष्ट नो-पार्किंग बोर्ड लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित पार्किंग के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है।

उन्होंने गोलमुरी के प्रमुख स्थानों पर व्यवस्थित पार्किंग स्थल, व्यस्त सड़कों पर स्पष्ट नो-पार्किंग जोन, अवैध पार्किंग पर नियमित कार्रवाई और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित फुटपाथ विकसित करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि नगर निकाय और ट्रैफिक विभाग को संयुक्त रूप से नियमित निरीक्षण करना चाहिए। जनजीवन और संपत्ति की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। समय रहते ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।