जमशेदपुर: डिमना स्थित MGM मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चोरी का प्रयास कर रहे एक युवक को मंगलवार रात नाइट शिफ्ट के सुरक्षा कर्मियों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी की पहचान सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु डी ब्लॉक निवासी सावन देवगम के रूप में हुई है। पकड़ने के बाद उसे MGM थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।


मरीजों और परिजनों को बनाता था निशाना
आरोप है कि युवक अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के मोबाइल, पर्स और अन्य सामान पर नजर रखता था। अस्पताल में लगे CCTV कैमरों में भी उसकी गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस को संदेह है कि पिछले एक महीने में अस्पताल परिसर में हुई एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं में उसकी भूमिका हो सकती है। पुलिस इन मामलों को आरोपी से जोड़कर जांच कर रही है।
पांचवीं मंजिल पर चोरी करते पकड़ा गया
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर अस्पताल की दूसरी मंजिल पर एक मरीज के परिजन के पास से 150 रुपये चोरी होने की घटना सामने आई थी। उसी रात करीब 10 बजे पांचवीं मंजिल पर मरीज के परिजन फर्श पर सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर ब्लेड से उनकी जेब काटने का प्रयास कर रहा था, तभी सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
बताया गया कि संबंधित व्यक्ति ने सोने से पहले अपना मोबाइल और पर्स मरीज के बेड पर रख दिया था। इस वजह से उसका सामान चोरी होने से बच गया। बाद में उसने पुलिस को लिखित शिकायत दी।
ब्लेड, नकदी और गांजा बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से 150 रुपये नकद, चिलम, गांजा और एक ब्लेड बरामद किया है। आरोप है कि वह ब्लेड की मदद से लोगों की जेब काटकर पर्स और अन्य सामान निकालता था।
पुरानी चोरी की घटनाओं की भी जांच
MGM थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। शिकायत के आधार पर FIR दर्ज करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अस्पताल परिसर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं को लेकर CCTV फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी की संभावित भूमिका की पुष्टि की जा सके।

