हल्दीपोखर में 24 घंटे की बारिश से करीब दर्जनभर घर क्षतिग्रस्त, तीन पूरी तरह ध्वस्त

Spread the love

जमशेदपुर ग्रामीण: लगातार 24 घंटे से हो रही बारिश ने हल्दीपोखर क्षेत्र में लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भारी बारिश के कारण करीब दर्जनभर घर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि इनमें से तीन घर पूरी तरह ध्वस्त हो गए। घर गिरने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है।

लगातार बारिश के कारण कई कच्चे और जर्जर मकानों को नुकसान पहुंचा है। तीन घर पूरी तरह गिर जाने से प्रभावित परिवार फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रहने को मजबूर हैं।

प्रशासन ने शुरू किया नुकसान का आकलन

घटना की जानकारी मिलते ही पोटका CO निकिता बाला ने मामले का संज्ञान लिया। प्रशासन की टीम बारिश से हुए नुकसान का आकलन कर रही है। क्षतिग्रस्त मकानों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत

प्रशासन की ओर से बारिश से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत के तौर पर तिरपाल उपलब्ध कराया गया है। आवश्यक सहायता देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

CO निकिता बाला ने बताया कि क्षतिग्रस्त मकानों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवारों को नियमों के अनुसार उचित मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।