रांची: छात्र आंदोलन खत्म होने के बाद कांग्रेस का BJP पर हमला, सोनल शांति ने लगाए राजनीतिकरण के आरोप

Spread the love

रांची: छात्र आंदोलन खत्म होने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनल शांति ने आरोप लगाया कि आंदोलन खत्म होते ही बीजेपी की “राजनीतिक शॉपिंग” भी बंद हो गई।

सोनल शांति ने कहा कि बीजेपी ने छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश की। उनके मुताबिक, बीजेपी नेताओं ने आंदोलन को सरकार के खिलाफ मोड़ने और राज्य में तनाव का माहौल बनाने का प्रयास किया, लेकिन छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखा।

छात्रों की मांगों पर सरकार ने लिए फैसले

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सरकार ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। इनमें कुछ प्रतियोगी परीक्षाओं को रद्द करना, CID जांच, फास्ट ट्रैक कोर्ट और सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में जांच जैसे कदम शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों की मांगों और उनके भविष्य को गंभीरता से लिया। सरकार की ओर से उठाए गए कदमों के बाद बीजेपी के पास आंदोलन को राजनीतिक मुद्दा बनाने का कोई आधार नहीं रह गया है।

बीजेपी पर माहौल खराब करने का आरोप

सोनल शांति ने बीजेपी पर झारखंड का माहौल खराब करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखकर लोकतांत्रिक आंदोलन की मिसाल पेश की है।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में छात्रों का भविष्य सबसे महत्वपूर्ण है। अब सरकार को लिए गए फैसलों को जल्द लागू करना चाहिए, ताकि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था मिल सके।