रांची: नगर निगम कर्मचारी संघ 20 अगस्त को करेगा प्रदर्शन, आश्रितों की नियुक्ति और पेंशन कटौती का मुद्दा उठेगा

Spread the love

रांची: कर्मचारियों और उनके आश्रितों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नगर निगम कर्मचारी संघ 20 अगस्त को प्रदर्शन करेगा। प्रदर्शन शहरी प्रशासन निदेशालय के सामने किया जाएगा। संघ ने शहरी प्रशासन निदेशालय के निदेशक को पत्र भेजकर लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की है।

आश्रितों की अनुकंपा नियुक्ति का मामला लंबित

संघ का कहना है कि मैट्रिक और गैर-मैट्रिक निगम कर्मचारियों के आश्रितों की अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के लिए पद सृजित नहीं होने के कारण मामला लंबित है।

रांची नगर निगम में इंटर पास 37 आश्रितों में से 16 की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है, जबकि 21 आश्रितों की नियुक्ति पद स्वीकृत नहीं होने के कारण अटकी हुई है। संघ का कहना है कि निगम के कुछ कर्मचारियों के दूसरे निकायों में स्थानांतरण के बाद रिक्त हुए पदों पर इन आश्रितों की नियुक्ति का रास्ता निकाला जा सकता है।

पेंशन में 20 प्रतिशत कटौती का विरोध

नगर निगम कर्मचारी संघ ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन में 20 प्रतिशत कटौती का भी विरोध किया है। संघ के अनुसार, पूर्व में हाईकोर्ट के आदेश के बाद राज्य कर्मचारियों को उसी आधार पर पेंशन का भुगतान किया जा रहा था।

लेकिन शहरी विकास एवं आवास विभाग के 25 अप्रैल के आदेश के बाद पेंशन में 20 प्रतिशत की कमी की गई है। संघ ने सरकार से इस मामले में उचित निर्णय लेते हुए पेंशन कटौती वापस लेने की मांग की है।

पारिवारिक पेंशन और सर्विस बुक का मामला भी उठाया

संघ ने दिवंगत निगम कर्मचारियों की विधवाओं और आश्रितों को पारिवारिक पेंशन का लाभ नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया है। संघ का कहना है कि निगम की ओर से पारिवारिक पेंशन केवल पांच वर्षों तक दिए जाने की बात कही जा रही है, जिसे उसने अनुचित बताया है।

संघ ने सरकार की अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का हवाला देते हुए इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की है। इसके अलावा सोनिया कच्छप और रजनी तिर्की की अनुकंपा नियुक्ति का मामला भी उठाया गया है, जो सर्विस बुक उपलब्ध नहीं होने के कारण लंबित है।

संघ ने संबंधित विभाग से दोनों मामलों का जल्द समाधान करने की मांग की है।