रांची: JSSC-CGL समेत झारखंड सरकार द्वारा 22 प्रतियोगी परीक्षाएं रद्द किए जाने के बाद पिछले 26 दिनों से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों ने बुधवार को राजधानी रांची में आभार यात्रा निकाली। यात्रा की शुरुआत स्टेडियम से हुई, जो अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची।


आभार यात्रा के दौरान छात्रों ने झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति धन्यवाद जताया। आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो को छात्रों ने कंधे पर बैठाकर यात्रा में शामिल किया। इस दौरान छात्रों में काफी उत्साह देखने को मिला।
ढोल-नगाड़ों के बीच छात्रों ने मनाया जश्न
अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचने के बाद छात्रों ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर जश्न मनाया। खुशी में आतिशबाजी भी की गई। छात्रों ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए इसे अपने आंदोलन की बड़ी जीत बताया।
26 दिनों के आंदोलन के बाद जताया आभार
छात्रों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर उनकी मांगों पर सरकार द्वारा लिया गया फैसला 26 दिनों तक चले आंदोलन का परिणाम है। सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए छात्रों ने कहा कि परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला युवाओं के हित में लिया गया है।
आभार यात्रा के दौरान पूरे इलाके में उत्साह का माहौल रहा। छात्रों ने इसे अपने संघर्ष की सफलता के रूप में मनाया और सरकार के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

