सरायकेला: सरायकेला थाना क्षेत्र के कुदरसाई गांव में 7.36 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित क्रशर प्लांट को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। रविवार को कंपनी की ओर से ग्रामीणों से बातचीत के लिए मिलन समारोह आयोजित किया गया था, लेकिन कुदरसाई, नाटीडीह और परालपोशी गांव के ग्रामीणों ने कार्यक्रम में शामिल नहीं होने का फैसला किया।


ग्रामीणों का कहना है कि आबादी और स्कूलों के बीच किसी भी स्थिति में क्रशर प्लांट नहीं लगाने दिया जाएगा। उनके अनुसार, प्रस्तावित स्थल के 500 मीटर के दायरे में तीन स्कूल और दो आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इनमें केंद्रीय विद्यालय भी शामिल है। इसके अलावा आसपास तीन घनी आबादी वाले क्षेत्र और कृषि योग्य जमीन भी मौजूद है।
ग्रामीणों को आशंका है कि क्रशर प्लांट चलने से बड़ी मात्रा में धूल निकल सकती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ेगा। धूल खेतों तक पहुंचने पर फसलों और कृषि भूमि को भी नुकसान होने की चिंता जताई गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहले भी सहमति लेने के प्रयास किए गए थे। उन्होंने कहा कि निर्माण शुरू करने का प्रयास हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

