दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में इस मानसून सीजन का पहला स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण सामने आया है। शहर में एक 3 वर्षीय बच्ची की RT-PCR जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बच्ची को तेज बुखार और सर्दी-जुकाम की शिकायत के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है।


मामले की पुष्टि होते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। टीम बच्ची के घर पहुंची और परिवार के सदस्यों तथा आसपास रहने वाले लोगों की स्क्रीनिंग की गई। बच्ची के संपर्क में आए लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है और जरूरत के अनुसार सैंपल लिए जा रहे हैं।
दुर्ग के सिविल सर्जन डॉ. आशीष कुमार मिंज के अनुसार, बच्ची को करीब दो दिन पहले तेज बुखार के साथ अस्पताल लाया गया था। लक्षणों को देखते हुए डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू की आशंका जताई और RT-PCR जांच कराई, जिसमें H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई।
स्वास्थ्य विभाग प्रभावित क्षेत्र में घर-घर सर्वे कर रहा है। लोगों से बुखार, खांसी या फ्लू जैसे लक्षण होने पर तुरंत जांच कराने की अपील की गई है।

