गिरिडीह: बगोदर पुलिस ने मोबाइल टावर से तकनीकी उपकरण चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई AZNA मशीन, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, उपकरण और अन्य सामान बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल काले रंग की स्कॉर्पियो को भी जब्त किया गया है।


मामला बगोदर-सरिया मुख्य मार्ग के पास नहर स्थित एक मोबाइल टावर से जुड़ा है। 19 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे टावर से चार AZNA मशीन समेत अन्य तकनीकी उपकरण चोरी हो गए थे। टावर के तकनीशियन धीरेंद्र कुमार ने जांच के बाद 21 अगस्त को बगोदर थाने में केस नंबर 164/26 दर्ज कराया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर बगोदर-सरिया SDPO धनंजय राम के नेतृत्व में SIT गठित की गई। टीम संदिग्ध गतिविधियों और मोबाइल टावरों पर लगातार निगरानी रख रही थी।
23 अगस्त को पुलिस ने बगोदरडीह ओवरब्रिज के पास एक काली स्कॉर्पियो को रोककर उसमें सवार छोटू यादव और आनंद रावनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चार लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली। दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में छापेमारी जारी है।

