पश्चिमी सिंहभूम में 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, घर में फंदे से लटका मिला शव

Spread the love

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र स्थित सेवासाई नगर में बुधवार रात 21 वर्षीय विवाहिता खुशी गुच्छैत की मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के समय खुशी घर में अकेली थी।

बताया गया कि खुशी के पति राजा करवा किसी काम से बाहर गए थे। रात में घर लौटने पर उन्होंने पत्नी का शव बिस्तर के सहारे दुपट्टे से लटका देखा। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। गुरुवार सुबह पुलिस को मामले की सूचना मिली।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया।

पति के अनुसार, दोनों की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। शादी के बाद से उनके कोई संतान नहीं थी। पति ने पुलिस को बताया कि संतान नहीं होने के कारण खुशी मानसिक रूप से परेशान रहती थी। उन्होंने यह भी कहा कि घटना से पहले दोनों के बीच किसी तरह का विवाद नहीं हुआ था।

पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।