बोकारो: चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात बारिश के दौरान दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तियाड़ा जंक्शन के पास सड़क किनारे खड़े सीमेंट लदे ट्रक से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 21 वर्षीय सरोज कुमार की मौत हो गई, जबकि अमित कुमार (19) और लक्ष्मण कुमार (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। लक्ष्मण की हालत नाजुक बताई जा रही है।


परिजनों के अनुसार, लक्ष्मण रक्षाबंधन पर अपनी बहन से राखी बंधवाने के लिए छत्तीसगढ़ से घर लौट रहा था। वह बस से पुरुलिया पहुंचा और वहां से चंदनकियारी आया। लक्ष्मण को लेने के लिए सरोज और अमित बाइक से चंदनकियारी पहुंचे थे। इसके बाद तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे।
बताया गया कि तियाड़ा रोड के पास बाइक में खराबी आ गई। इसी दौरान बाइक सड़क किनारे खड़े सीमेंट लदे ट्रक से जा टकराई। हादसे में तीनों घायल हो गए। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने सरोज कुमार को मृत घोषित कर दिया।
अमित और लक्ष्मण का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने बाइक और ट्रक को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

