जमशेदपुर: किटाडीह त्रिमूर्ति चौक के पास ऑटो चालक ने मारपीट और हवाई फायरिंग का लगाया आरोप, पुलिस को सबूत नहीं मिला

Spread the love

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के किटाडीह त्रिमूर्ति चौक के पास मंगलवार रात कथित फायरिंग की सूचना से कुछ देर के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया। ऑटो चालक संजय प्रसाद उर्फ गबरू ने निहाल तिवारी पर रास्ता रोककर मारपीट करने और पिस्टल से हवा में गोली चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस जांच में अब तक फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है।

संजय प्रसाद के अनुसार, वह स्टेशन से यात्रियों को किटाडीह छोड़कर ऑटो से वापस लौट रहा था। इसी दौरान त्रिमूर्ति चौक के पास निहाल तिवारी ने उसका रास्ता रोक लिया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मारपीट होने का आरोप है। संजय का दावा है कि इसके बाद निहाल ने पिस्टल निकालकर हवा में गोली चलाई।

घटना के बाद संजय सीधे परसुडीह थाना पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी। सूचना पर थाना प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।

हालांकि, जांच के दौरान मौके से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ और किसी प्रत्यक्षदर्शी ने भी फायरिंग की पुष्टि नहीं की। थाना प्रभारी के अनुसार, फिलहाल फायरिंग के कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और पूरे मामले की सच्चाई पता लगाने का प्रयास जारी है।