चक्रधरपुर: चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चोरी करने के आरोप में RPF और GRP की संयुक्त टीम ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रेन की जनरल बोगी में यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करता था और चोरी की वारदात के लिए चाईबासा से चक्रधरपुर आता था।


यह कार्रवाई ऑपरेशन पैसेंजर सेफ्टी के तहत की गई। स्टेशन पर RPF और GRP की टीम संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें तीन मोबाइल मिले।
पूछताछ में आरोपी की पहचान 42 वर्षीय मोहम्मद निसार, निवासी चाईबासा के रूप में हुई है। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189) की जनरल बोगी में यात्रियों के मोबाइल चोरी करता था। पुलिस का कहना है कि वह स्कूटर से चाईबासा से चक्रधरपुर पहुंचता था और पिछले कुछ महीनों से ऐसी घटनाओं में सक्रिय था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चक्रधरपुर रेलवे थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस उसके पुराने मोबाइल चोरी के मामलों से संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। कार्रवाई RPF के ASI बलवीर प्रसाद के नेतृत्व में की गई।

