आदित्यपुर: लगातार हो रही बारिश के कारण आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 25 स्थित असांगी उड़िया मिडिल स्कूल में जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है। स्कूल परिसर और मुख्य मैदान में पानी जमा होने से छात्रों के साथ शिक्षकों को भी आने-जाने में परेशानी हो रही है। जलजमाव के कारण स्कूल की सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।


स्कूल परिसर में बारिश के पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण मुख्य मैदान के अलावा आसपास की सड़कों पर भी पानी जमा हो गया है। स्कूल आने वाले बच्चों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं, मैदान में पानी भरने से बच्चों के लिए खेलकूद समेत अन्य गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण आसपास मच्छरों की संख्या भी बढ़ रही है। इससे छात्रों और शिक्षकों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय स्तर पर जलजमाव के कारण डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
समस्या को लेकर झारखंड युवा मोर्चा के सरायकेला-खरसावां जिला उपाध्यक्ष सोमदेव प्रधान उर्फ विवकी ने आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त को लिखित आवेदन सौंपा है। उन्होंने स्कूल परिसर में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
सोमदेव प्रधान ने कहा कि छात्रों और शिक्षकों की परेशानी को देखते हुए जलजमाव की समस्या का जल्द समाधान जरूरी है। आवेदन की एक प्रति सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को भी सौंपी गई है।

