बोकारो: डीसी ने जलजमाव और नागरिक सुविधाओं का किया निरीक्षण, BSL को जल्द समाधान के निर्देश

Spread the love

बोकारो: लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने बोकारो स्टील सिटी के कई इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने जलजमाव, नालियों की स्थिति, साफ-सफाई, सड़कों और अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान BSL अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित और स्थायी समाधान करने का निर्देश दिया गया।

सेक्टर-12A में निरीक्षण के दौरान 42 आवासीय ब्लॉकों में पानी की टंकियों और सीढ़ियों की जर्जर स्थिति सामने आई। BSL की ओर से प्रत्येक मंजिल के लिए अलग कम क्षमता वाली टंकी लगाने की तैयारी की जा रही है। उपायुक्त ने यह काम 10 दिनों के भीतर पूरा करने को कहा। फिलहाल टंकियों में फ्लोट लगाने और पानी की बर्बादी रोकने का निर्देश दिया गया।

सेक्टर-4 के सिटी सेंटर में उपायुक्त ने नालियों, ड्रेनेज और सड़कों की स्थिति देखी। नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए गए। तत्काल मरम्मत संभव नहीं होने वाली जगहों पर यातायात सुचारु रखने के लिए अस्थायी रूप से फ्लाई ऐश के इस्तेमाल को कहा गया।

सिटी सेंटर में दुकानों के सामने कॉरिडोर और रास्ते पर रखा सामान हटाने के लिए दुकानदारों को 30 मिनट का समय दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सार्वजनिक रास्ते खुले रहना जरूरी है, ताकि आपदा के समय राहत और बचाव कार्य में बाधा न आए।

सेक्टर-4A के लक्ष्मी मार्केट में भी सफाई और ड्रेनेज व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। BSL को नागरिक सुविधाओं के लिए अल्पकालिक और दीर्घकालिक योजनाएं तैयार करने को कहा गया।

उपायुक्त ने SDO, BSL प्रबंधन, डीएसपी और अपर नगर आयुक्त की संयुक्त मासिक समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। इसमें लंबित समस्याओं, चल रहे कार्यों और आगामी योजनाओं की समीक्षा होगी। उन्होंने लोगों से नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं डालने तथा जल निकासी में बाधा न पैदा करने की अपील की।