झारखंड: राष्ट्रीय पेनकैक सिलाट चैंपियनशिप के 9 पदक विजेताओं ने राज्यपाल संतोष गंगवार से की मुलाकात

Spread the love

रांची: राष्ट्रीय स्तर की पेनकैक सिलाट प्रतियोगिता में झारखंड का नाम रोशन करने वाले नौ पदक विजेता खिलाड़ियों ने बुधवार को राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात की। खिलाड़ियों ने राज्यपाल के साथ प्रतियोगिता के अनुभव और अपनी उपलब्धियां साझा कीं। राज्यपाल ने सभी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

यह मुलाकात 14वीं सब-जूनियर एवं जूनियर नेशनल पेनकैक सिलाट चैंपियनशिप में झारखंड के शानदार प्रदर्शन के बाद हुई। प्रतियोगिता में राज्य के चार खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीते। इनमें इताशा कपूर, अनाया खलखो, विशाखा थापा और पलक साहू शामिल हैं। वहीं वायु तिर्की और रंजन राणा ने रजत पदक हासिल किया। कृपा राणा, जानवी आलिया और रितिका बाड़ा ने कांस्य पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया।

खिलाड़ी झारखंड पेनकैक सिलाट संघ की सचिव डौली कुमारी सिंह और अध्यक्ष के नेतृत्व में राजभवन पहुंचे। इस दौरान संघ के पदाधिकारी राहुल कपूर और कोच सूरज चिक बड़ाईक भी मौजूद रहे।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी में मुख्य प्रशिक्षक विजय कुमार लिम्बू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोच सूरज चिक बड़ाईक के साथ किरण देवी और मघमुनी हेंब्रम ने भी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया। प्रतियोगिता के दौरान कोचों ने खिलाड़ियों का लगातार मार्गदर्शन किया।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि खेलों में सफलता के लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन जरूरी है। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों की उपलब्धियां राज्य के अन्य युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने सभी पदक विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।