रांची में झारखंड प्रदेश ट्राइबल कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में करीब 30 आदिवासी बच्चों की मौत के मामले को लेकर एक दिवसीय शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया। कांग्रेस नेताओं ने लोक भवन के समक्ष सत्याग्रह कर मामले में सरकार की जवाबदेही तय करने और पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।


प्रदेश अध्यक्ष राज उरांव के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सह उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के इस्तीफे की मांग की गई। पार्टी ने सरकार से पूरे मामले में जवाब देने और जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई।
ट्राइबल कांग्रेस ने मृत बच्चों के परिवारों को कम से कम एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। इसके अलावा प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, बच्चों के पोषण की बेहतर व्यवस्था करने और सभी बच्चों का पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बच्चों की मौत का मामला केवल स्वास्थ्य संकट नहीं, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर विफलता का विषय भी है। संगठन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
ट्राइबल कांग्रेस ने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप करते हुए केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश देने की अपील की।

