जमशेदपुर: साकची के सागर होटल के पास चार बाइक सवार युवकों से मारपीट, CCTV में कैद हुई घटना

Spread the love

जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में 7 सितंबर की देर रात करीब 12 बजे चार बाइक सवार युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना सागर होटल के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, चारों युवक अपने दोस्त के घर से बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान स्कूटर सवार दो युवक वहां पहुंचे और बाइक सवार युवकों को रोककर उनके साथ विवाद करने लगे।

आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद स्कूटर सवार दोनों युवकों ने चारों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि काफी देर तक उनके साथ हाथापाई की गई और कथित तौर पर चाबी से भी हमला किया गया। मारपीट के बाद दोनों आरोपी युवक बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।

बताया गया कि अगले दिन सुबह युवकों ने बाइक को वापस उसी स्थान पर ला दिया। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। CCTV फुटेज में बाइक सवार युवकों के साथ मारपीट और उनकी बाइक ले जाते हुए लोगों को देखा जा सकता है।

घटना के बाद पीड़ित युवकों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर घटना की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।