जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के संजय पथ स्थित एक फ्लैट में पिछले कई महीनों से कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि फ्लैट में नाबालिगों को बहला-फुसलाकर लाया जाता था। मामला सामने आने के बाद फ्लैट में रहने वाले लोगों में नाराजगी है और प्रशासन से जांच व कार्रवाई की मांग की जा रही है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, फ्लैट में इस तरह की गतिविधियों को लेकर पहले भी विरोध हो चुका है। आरोप है कि संबंधित महिला को कई बार वहां से हटाया गया, लेकिन बाद में फ्लैट मालिक द्वारा उसे दोबारा रहने की अनुमति दे दी गई।
बताया गया कि पड़ोस में रहने वाले एक परिवार का 16 वर्षीय बेटा रात में यह कहकर घर से निकला कि उसका दोस्त परेशानी में है। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने और परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर परिवार के लोग उसकी तलाश में निकले।
स्थानीय लोगों के अनुसार, किशोर को एक फ्लैट में जाते हुए देखा गया। इसके बाद उसकी मां ने संबंधित फ्लैट का दरवाजा बंद कर दिया। आरोप है कि महिला ने बाद में ताला तोड़कर किशोर को वहां से बाहर ले गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

