बहरागोड़ा थाना पुलिस ने बुधवार शाम अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बांसदा के ढोलाबेरा गांव स्थित एक किराना दुकान में अवैध रूप से शराब रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दुकान में छापेमारी की।


बताया गया कि उक्त किराना दुकान इंद्रदेव साव की है। पुलिस ने दुकान की तलाशी ली, जहां से कुल 233 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद होने की जानकारी दी गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया।
थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सूचना मिलने पर आगे भी लगातार छापेमारी की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

