जमशेदपुर। भाजपा जमशेदपुर महानगर की मासिक संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद आभा महतो, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, जिला प्रभारी बबन गुप्ता और पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।


बैठक में सेवा संकल्प अभियान, बूथ सशक्तिकरण, SIR फेज-2, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा हुई। संजीव सिन्हा ने कार्यकर्ताओं से समन्वय, अनुशासन और एकजुटता के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत घरों में दीप प्रज्ज्वलन, योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभवों का संकलन और विभिन्न सेवा एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभय सिंह ने SIR फेज-2 और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। आभा महतो ने बूथ समितियों को मजबूत बनाने की बात कही, जबकि जिला प्रभारी बबन गुप्ता ने संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की।
बैठक के दौरान लगातार पांचवीं बार ‘संसद रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित सांसद विद्युत वरण महतो का अंगवस्त्र भेंट कर और मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया गया। सांसद ने सम्मान को जमशेदपुर की जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया।

