झारखंड: शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, उत्तर छोटानागपुर के 7 जिलों में 134 लिपिकों का तबादला

Spread the love

रांची। शिक्षा विभाग ने उत्तर छोटानागपुर प्रमंडल के हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद गठित प्रमंडलीय स्थापना समिति की बैठक और सरकार के निर्देश के आधार पर लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है। विभागीय स्तर पर 12 सितंबर को इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया गया।

वर्ष 2010 के नियमों के तहत कर्मचारियों को एक बार जिला और प्रमंडलीय संवर्ग चुनने का अवसर भी दिया गया। स्थानांतरण चार श्रेणियों में किया गया है। इनमें तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत 15 लिपिक, एक ही जिले में छह वर्ष से अधिक समय से कार्यरत 27 लिपिक और आठ वर्ष से अधिक समय से एक ही जिले में कार्यरत 9 लिपिक शामिल हैं। गंभीर असाध्य बीमारी या दिव्यांगता प्रमाणपत्र वाले 7 लिपिकों को सुविधाजनक स्थान पर पदस्थापित किया गया है।

कुल 134 लिपिकों में 102 ने प्रमंडलीय संवर्ग और 28 ने जिला संवर्ग चुना। जिला संवर्ग चुनने वाले 28 में से 26 को उनके आवंटित जिले में पदस्थापित किया गया है। वहीं 102 लिपिक अब पूरे उत्तर छोटानागपुर प्रमंडल में कहीं भी सेवा दे सकेंगे।

विभाग ने संबंधित कर्मचारियों को नई पदस्थापना स्थल पर एक सप्ताह के भीतर योगदान देने का निर्देश दिया है। सेवा पुस्तिका में संवर्ग की प्रविष्टि भी अनिवार्य रूप से करने को कहा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में संवर्ग परिवर्तन से संबंधित किसी दावे पर विचार नहीं किया जाएगा।