रांची: देश के लिए 3 गोल्ड जीत चुकीं पैरा एथलीट पुष्पा मिंज, आर्थिक तंगी में कड़रू ब्रिज के नीचे बेच रहीं सब्जी

Spread the love

रांची। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए तीन गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकीं पैरा एथलीट पुष्पा मिंज आज आर्थिक परेशानियों के बीच रांची के कड़रू ब्रिज के नीचे सब्जी बेचकर गुजारा कर रही हैं। पुष्पा एशियन स्तर की प्रतियोगिता में भी ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं। नेपाल, थाईलैंड और कंबोडिया में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकीं पुष्पा के अनुसार, वर्ष 2020 के बाद से आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उन्हें सब्जी बेचने का काम करना पड़ रहा है।

पुष्पा किराये के मकान में रहती हैं और करीब 2 हजार रुपये मासिक किराया देती हैं। वह सुबह 6:30 से 10 बजे और शाम 4 से रात 8 बजे तक सब्जी बेचती हैं। उनके अनुसार, रोजाना करीब 100 से 200 रुपये की बिक्री हो पाती है।

आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद पुष्पा ने खेलना नहीं छोड़ा है। वह अभी भी थ्रोबॉल का नियमित अभ्यास करती हैं। उनका कहना है कि अभ्यास स्थल तक आने-जाने का खर्च भी चुनौती बनता है। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए रहने की सुविधा और थ्रोबॉल अभ्यास के लिए अलग मैदान उपलब्ध कराने की मांग की है।

पुष्पा ने बताया कि उनके खेल सफर में कोच मुकेश सर का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटने के बाद वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मिली थीं। उनका कहना है कि प्रतियोगिता में हुए खर्च की राशि वापस करने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ है।

पुष्पा की मुख्य मांग नौकरी की है। उनका कहना है कि नौकरी मिलने से उन्हें सब्जी बेचने की मजबूरी से राहत मिलेगी और वह खेल पर बेहतर ध्यान दे सकेंगी। वह भविष्य में देश और झारखंड के लिए और पदक जीतना चाहती हैं।