जमशेदपुर: गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ देशव्यापी पदयात्रा पर निकले सूरज नायक


News Release:
जमशेदपुर। गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजस्थान के कोटा निवासी सूरज नायक देशव्यापी पदयात्रा पर निकले हैं। शनिवार को वे जमशेदपुर पहुंचे और अपनी मुहिम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 फरवरी को कोटा से शुरू हुई उनकी पदयात्रा का उद्देश्य देश के चार धाम और 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करना है। अब तक वे एक धाम और तीन ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं।
सूरज नायक के अनुसार, उन्होंने नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर, उत्तराखंड के गंगोत्री और यमुनोत्री धाम, उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ मंदिर और झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन किए हैं। अब उनकी यात्रा ओडिशा की ओर आगे बढ़ रही है।
नायक ने कहा कि इस पदयात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक स्थलों का भ्रमण करना नहीं, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाना भी है। उन्होंने लोगों से जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर देशहित को प्राथमिकता देने की अपील की। उनके मुताबिक, यह यात्रा करीब डेढ़ वर्ष तक जारी रहेगी और इस दौरान वे देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों को जागरूक करेंगे।

