जमशेदपुर। बाल्डविन फॉर्म एरिया हाईस्कूल, कदमा के विद्यार्थियों ने दूसरे जापान फुनाकोशी शोतोकान कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। पांच और छह सितंबर को कोलकाता में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय के 11 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने कुल 2 स्वर्ण, 6 रजत और 7 कांस्य पदक के साथ ट्रॉफियां अपने नाम कीं।


प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के छात्र अभिषेक सिंह मोडक का आगामी विश्वकप चैंपियनशिप के लिए चयन किया गया है। प्रतियोगिता में अभिषेक के अलावा युगांतर सिंह, देवांशु प्रसाद, मृणाल गांगुली, हर्षित कुमार, सोना कुमारी, अनुराधा दत्ता, आरव प्रधान, वैष्णवी सिंह, प्रवीण ठाकुर और भूमि कुमारी ने हिस्सा लिया।
विद्यालय की प्रातःकालीन सभा में प्रधानाचार्या डॉ. सुभश्री सरकार, उप-प्रधानाचार्या अर्चना बोस और प्रशासक सचिन कुमार ने सभी विजेता खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
प्रबंधन ने अन्य विद्यार्थियों को भी पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्कूल और शहर का नाम रोशन करेंगे।

