जमशेदपुर। लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल (LBSM) कॉलेज की छात्रा सृष्टि कुमारी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता हासिल कर कॉलेज और परिवार का नाम रोशन किया है। सृष्टि का चयन असम मेडिकल कॉलेज में MBBS पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। खास बात यह है कि उन्होंने किसी कोचिंग संस्थान की मदद लिए बिना स्व-अध्ययन के जरिए NEET की तैयारी की।


सृष्टि ने नियमित पढ़ाई को अपनी सफलता का आधार बनाया। उन्होंने अपनी पढ़ाई की रणनीति तैयार कर लगातार मेहनत की और परीक्षा की तैयारी पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा। उनकी सफलता को कॉलेज परिवार ने मेहनत और आत्मअनुशासन का परिणाम बताया।
सृष्टि के पिता मुकेश कुमार सिंह निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं। वहीं, उनके दादा प्रो. अजीत कुमार सिंह LBSM कॉलेज के पूर्व प्राचार्य रह चुके हैं। सफलता के बाद कॉलेज में उनका सम्मान किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने सृष्टि को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सृष्टि के पिता मुकेश कुमार सिंह, डॉ. विनय कुमार गुप्ता, सौरभ वर्मा, रामप्रवेश समेत अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने सृष्टि को बधाई देते हुए मेडिकल क्षेत्र में उनके सफल भविष्य की कामना की।

