रांची: झारखंड हाईकोर्ट को तीन नए न्यायाधीश मिलने जा रहे हैं। गढ़वा, साहिबगंज और डालटनगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रहे मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा 23 सितंबर को झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10:15 बजे हाईकोर्ट परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर आयोजित होगा। चीफ जस्टिस एमएस सोनक तीनों नवनियुक्त न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।


शपथ ग्रहण समारोह को लेकर हाईकोर्ट परिसर में तैयारियां चल रही हैं। हाईकोर्ट को तीनों न्यायाधीशों की नियुक्ति से संबंधित वारंट भी प्राप्त हो चुके हैं। केंद्र सरकार ने 19 सितंबर को तीनों न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की थी।
इन नियुक्तियों का रास्ता सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की 10 सितंबर की बैठक में मंजूर हुई सिफारिश के बाद साफ हुआ था। कॉलेजियम ने मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा को झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की थी। इसके बाद केंद्र सरकार ने नियुक्ति को अधिसूचित किया।
मनोज प्रसाद वर्तमान में गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अखिल कुमार साहिबगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और राम शर्मा डालटनगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर पदस्थापित हैं। तीनों के शपथ लेने के बाद झारखंड हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या 13 से बढ़कर 16 हो जाएगी। हाईकोर्ट की स्वीकृत न्यायाधीश क्षमता 25 है।

