बोकारो: तालाब और नालों पर अतिक्रमण की बनेगी वार्डवार सूची, चरणबद्ध तरीके से हटाए जाएंगे अवैध कब्जे

Spread the love

बोकारो: नगर निगम क्षेत्र में तालाब और नालों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर अब वार्डवार सूची तैयार की जाएगी। नगर निगम और अंचल प्रशासन संयुक्त रूप से अतिक्रमण वाले स्थानों को चिह्नित कर संबंधित जमीन की स्थिति का सत्यापन करेंगे। इसके बाद नियमों के अनुसार चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम क्षेत्र में 20 से अधिक तालाबों पर अतिक्रमण की शिकायत सामने आई है। कई स्थानों पर तालाब की जमीन पर चाहरदिवारी खड़ी करने और अन्य निर्माण किए जाने की बात कही गई है। वहीं, नालों के किनारे अतिक्रमण के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है, जिससे बारिश के दौरान कई इलाकों में जलजमाव की समस्या बढ़ने की आशंका है।

निगम प्रत्येक वार्ड में तालाब और नालों की स्थिति की जानकारी जुटाएगा। इसके बाद अंचल प्रशासन के सहयोग से जमीन की प्रकृति और अतिक्रमण की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कराया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, सार्वजनिक जलस्रोतों को अतिक्रमण मुक्त कराना अभियान की प्राथमिकता में रहेगा।

एएमसी संजीव कुमार ने बताया कि वार्डवार अतिक्रमण के मामलों की जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, महतोबांध तालाब क्षेत्र में पहले अतिक्रमण हटाए जाने के बाद दोबारा चाहरदिवारी और अन्य निर्माण किए जाने की शिकायत पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है।

स्थानीय निवासी कौशल किशोर ने तालाब को सार्वजनिक उपयोग और पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए प्रशासन से निर्माण की जांच, अवैध निर्माण हटाने और तालाब क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।