जमशेदपुर: अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस पर टाटा वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों से मिले सर्वोदय मंडल के सदस्य, शांति-सद्भाव पर चर्चा

Spread the love

जमशेदपुर: अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस के अवसर पर जिला सर्वोदय मंडल, पूर्वी सिंहभूम एवं गांधी शांति प्रतिष्ठान के प्रतिनिधियों ने टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी और उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम से मुलाकात की। इस दौरान जमशेदपुर में शांति, सद्भाव और सामाजिक एकता के वातावरण को और मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

संयुक्त राष्ट्र की ओर से वर्ष 2026 के अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस की थीम “Invest in Peace – For Everyone, Everywhere, Every Day” निर्धारित की गई है। बैठक में इस थीम के संदर्भ में शांति को केवल संघर्ष की अनुपस्थिति नहीं, बल्कि सुरक्षा, गरिमा, संवाद, सहयोग और आपसी सम्मान को मजबूत करने की निरंतर प्रक्रिया के रूप में आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।

इस अवसर पर महात्मा गांधी के जमशेदपुर आगमन के 100 वर्ष पूरे होने के संदर्भ में डॉ. सुख चंद्र झा द्वारा लिखित पुस्तक “झारखंड में गांधी” की प्रति टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को भेंट की गई।

बैठक में आगामी एक वर्ष तक महात्मा गांधी के विचारों, अहिंसा, सत्य, सद्भाव और सामाजिक एकता को केंद्र में रखकर शहर में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने पर विचार-विमर्श किया गया। युवाओं, श्रमिकों और आम नागरिकों के बीच संवाद बढ़ाने तथा शांति और भाईचारे की संस्कृति को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करने पर भी चर्चा हुई।

इस अवसर पर जिला सर्वोदय मंडल की ओर से विवेक कुमार एवं अंकुर शाश्वत उपस्थित रहे।