सरायकेला: जिले के निर्माणाधीन रेफरल अस्पताल में पदस्थापित 37 वर्षीय होमगार्ड जवान दिनेश गोप का सोमवार को आकस्मिक निधन हो गया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक रक्तचाप बढ़ने के बाद आए बीपी अटैक को उनकी मौत की मुख्य वजह बताया गया है। दिनेश गोप घुटसाई के निवासी थे और वर्तमान में रेफरल अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे थे।


मिली जानकारी के अनुसार, दिनेश गोप सोमवार सुबह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि उनका रक्तचाप तेजी से बढ़ गया, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई।
आसपास के लोगों और परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्हें इलाज के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सिर्फ 37 वर्ष की उम्र में होमगार्ड जवान की अचानक मौत की खबर से परिवार और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। जवान की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी उनके निधन पर दुख जताया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

