जमशेदपुर: विश्व शांति दिवस पर ऋषि भवन में विशेष कार्यक्रम, डॉ. प्रेम रावत के वीडियो प्रवचन दिखाए गए

Spread the love

जमशेदपुर: विश्व शांति दिवस के अवसर पर जुगसलाई स्थित ऋषि भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजविद्या केंद्र डीबी रोड और जुगसलाई के संयुक्त प्रयास से आयोजित कार्यक्रम में शाम 4 बजे से 6 बजे तक प्रोजेक्टर के माध्यम से विश्व शांति दूत डॉ. प्रेम रावत के वीडियो प्रवचन दिखाए गए।

अपने संबोधन में डॉ. प्रेम रावत ने कहा कि मनुष्य जिस शांति और आनंद की तलाश बाहर करता है, वह वास्तव में उसके भीतर ही मौजूद है। उन्होंने कहा कि किसी बात को केवल मान लेना और उसे वास्तव में जानना, दोनों में अंतर है। उनके अनुसार, जब मनुष्य अपने भीतर की वास्तविकता को जान लेता है, तो उसके जीवन में शांति का अनुभव संभव होता है।

कार्यक्रम के दौरान मानवता की भलाई के लिए डॉ. प्रेम रावत द्वारा किए जा रहे कार्यों पर आधारित वीडियो भी प्रदर्शित किए गए। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 81 लोगों ने हिस्सा लिया और प्रवचन एवं वीडियो प्रस्तुति में रुचि दिखाई।

कार्यक्रम की शुरुआत श्रीमती सरोज बाला के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद वीडियो प्रवचन और अन्य प्रस्तुतियां दिखाई गईं। अंत में डॉ. एनके सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विश्व शांति और आंतरिक शांति के संदेश को लोगों तक पहुंचाना था।