आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 13 के पार्षद शांतनु घोष के साथ बीच सड़क पर कथित बदसलूकी, मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पार्षद ने थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


पार्षद शांतनु घोष के अनुसार, वह बिष्टुपुर से अपने घर लौट रहे थे। आकाशवाणी चौक के पास उन्होंने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान तेज गति से आए एक ऑटो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सड़क पर गिर गई। उन्होंने चालक से बाइक उठाने के लिए ऑटो थोड़ा पीछे करने को कहा।
शांतनु घोष का आरोप है कि इसके बाद चालक लोहे की रॉड लेकर ऑटो से उतरा और उनकी बाइक की हेडलाइट का शीशा तोड़ दिया। विरोध करने पर कथित रूप से उनके साथ हाथापाई की गई और उनकी गंजी फाड़ दी गई। पार्षद ने यह भी आरोप लगाया कि चालक ने उनकी जेब से आईफोन निकालकर सड़क पर पटक दिया, जिससे मोबाइल और बाइक क्षतिग्रस्त हो गए।
पार्षद के मुताबिक, चालक ने उन्हें धमकी भी दी और थाने चलने की बात कहने पर वहां भी देख लेने की बात कही। घटना के बाद उन्होंने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

