गालूडीह: 17 वर्षीय नाबालिग के गर्भवती होने का मामला सामने आया, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच

Spread the love

गालूडीह: गालूडीह क्षेत्र की एक सबर बस्ती की 17 वर्षीय नाबालिग के गर्भवती होने का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य जांच में गर्भावस्था की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जानकारी घाटशिला अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शंकर टुडू को दी है। स्वास्थ्यकर्मियों और ग्राम प्रधान की ओर से भी इस संबंध में आवेदन दिया गया है।

आवेदन के अनुसार, किशोरी ने आरोप लगाया है कि घाटशिला के माहुलीडीह निवासी रमाई सबर ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाया। किशोरी के मुताबिक, रमाई करीब एक वर्ष तक सबर बस्ती में रहा और इसके बाद मजदूरी करने दूसरे राज्य चला गया। फिलहाल किशोरी अपने माता-पिता के साथ रह रही है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार किशोरी का पुतरू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पंजीकरण किया गया है। गर्भावस्था की एएनसी जांच के लिए भी उसका पंजीकरण हो चुका है और पहली जांच पूरी की जा चुकी है। अल्ट्रासाउंड जांच में प्रसव की संभावित तिथि 13 दिसंबर 2026 बताई गई है।

आवेदन में किशोरी की स्वास्थ्य देखभाल और मामले में आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। सीएचओ शिखा जैसी, एएनएम शिखा सामंत, एमपीडब्ल्यू गोविंद रजक, स्वास्थ्य सहिया गीता गोप और ग्राम प्रधान सुशांत सिंह ने आवेदन पर हस्ताक्षर किए हैं। डॉ. शंकर टुडू ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है।