पलामू: कौशल विकास योजनाओं की समीक्षा, युवाओं को रोजगार और अप्रेंटिसशिप से जोड़ने पर जोर

Spread the love

पलामू: उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कौशल समिति, आईटीआई इकोसिस्टम, पीएम-सेतु और राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना (NAPS) को लेकर बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित कौशल विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रशिक्षण को रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

उपायुक्त ने जिला कौशल पदाधिकारी नीरज कुमार को जिला कौशल विकास योजना (DSDP) तैयार करने के लिए संबंधित विभागों से आवश्यक आंकड़े जुटाने और निर्धारित समय सीमा में योजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले के सभी पांच आईटीआई में उद्योगों के साथ साझेदारी बढ़ाने और स्थानीय जरूरत के अनुसार ट्रेड में प्रशिक्षण उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में पीएम-सेतु योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ सीसीएल, टाटा स्टील, आयरन एवं स्टील क्षेत्र की कंपनियों तथा अन्य उद्योगों के सहयोग से युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप के अवसर बढ़ाने पर चर्चा हुई। युवाओं और उद्योगों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए सेमिनार आयोजित करने तथा जिला स्तर पर समझौता ज्ञापन (एमओयू) की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा चैंबर ऑफ कॉमर्स के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को रोजगार से जोड़ने, स्थानीय रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं के आधार पर प्रशिक्षण योजना तैयार करने और कृषि व खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।